तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर सामने आई है। युवा अभिनेता और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर के. भरत कांत का एक सड़क हादसे में निधन हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में उनके करीबी दोस्त और सिनेमेटोग्राफर जी. साई त्रिलोक की भी जान चली गई। दोनों की उम्र केवल 31 साल थी। घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री और फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।
हैदराबाद के पास हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार तड़के हैदराबाद के आदिबाटला इलाके के आउटर रिंग रोड पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, भरत कांत कार चला रहे थे और वे अपने दोस्त साई त्रिलोक के साथ हैदराबाद की ओर जा रहे थे।बताया जा रहा है कि एग्जिट-12 के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
read more: ईरान-इजरायल तनाव से बढ़ी प्लास्टिक की कीमतें
पुलिस कर रही मामले की जांच
आदिबाटला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लंबे समय तक ड्राइविंग के कारण थकान को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
उभरते कलाकार थे भरत कांत
के. भरत कांत तेलुगु इंडस्ट्री के उभरते कलाकारों में गिने जाते थे। वे अभिनेता होने के साथ-साथ डांसर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर भी थे। उन्होंने कई शॉर्ट फिल्मों और तेलुगु प्रोजेक्ट्स में काम किया था। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग थी। इंस्टाग्राम पर उनके 40 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे, जबकि यूट्यूब पर 30 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर्स जुड़े हुए थे।

साई त्रिलोक भी डिजिटल इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम
साई त्रिलोक डिजिटल और फिल्मी प्रोजेक्ट्स में सिनेमेटोग्राफर के रूप में काम करते थे। वे कई यूट्यूब और शॉर्ट फिल्म प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे। कम उम्र में दोनों कलाकारों के निधन की खबर ने मनोरंजन जगत को झकझोर कर रख दिया है।
सोशल मीडिया पर फैंस ने दी श्रद्धांजलि
दोनों कलाकारों के निधन के बाद सोशल media पर फैंस लगातार श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे तेलुगु इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। फैंस का कहना है कि इतनी कम उम्र में दोनों प्रतिभाशाली कलाकारों का जाना बेहद दुखद है।