Japan Election Results 2026: जापान में रविवार, 8 फरवरी 2026 को हुए आम चुनावों के नतीजों ने देश की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव दर्ज किया है। सनाए ताकाइची के नेतृत्व वाली लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने निचले सदन की 465 सीटों में से 271 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। इस शानदार जीत के साथ ताकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में और अधिक मजबूत स्थिति में पहुंच गई हैं।
271 सीटों के साथ LDP का दबदबा:
चुनाव परिणामों के अनुसार, LDP ने पिछली बार की 198 सीटों की तुलना में इस बार बड़ी छलांग लगाई है। गठबंधन सहयोगियों के साथ यह आंकड़ा 310 से अधिक जाने की संभावना है, जिससे सरकार को संसद में बड़े विधेयक पारित कराने में आसानी होगी। जीत के बाद ताकाइची ने कहा कि “जनता ने हमारी आर्थिक और सुरक्षा नीतियों पर भरोसा जताया है। अब हमारा पूरा ध्यान तेज़ विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने पर होगा।”
‘सनाए-मेनिया’ और युवाओं का समर्थन:
इस चुनाव में ताकाइची की लोकप्रियता चर्चा का प्रमुख विषय रही। सोशल मीडिया पर उनकी निजी शैली से लेकर चुनावी संदेश तक व्यापक रूप से ट्रेंड करता रहा। एक सर्वे के मुताबिक, 30 वर्ष से कम उम्र के 90% से अधिक मतदाताओं ने ताकाइची का समर्थन किया जो जापानी राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। चीन पर सख्त रुख और आर्थिक एजेंडा ताकाइची अपनी कड़े राष्ट्रवादी रुख और चीन के प्रति सख्त नीति के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने रक्षा बजट बढ़ाने सैन्य आत्मनिर्भरता मजबूत करने करों में कटौती और आर्थिक सुधार लागू करने जैसे वादों को चुनावी एजेंडा बनाया, जिसे मतदाताओं ने व्यापक समर्थन दिया।
वैश्विक नेताओं की बधाई:
ताकाइची की ऐतिहासिक जीत पर दुनिया भर से शुभकामनाएं मिलीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा “प्रतिनिधि सभा चुनाव में आपकी ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई। भारत-जापान की विशेष रणनीतिक साझेदारी वैश्विक शांति और समृद्धि को मजबूत करेगी।” वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी जीत पर बधाई देते हुए भविष्य में मजबूत जापान-अमेरिका संबंधों के संकेत दिए।
क्यों ऐतिहासिक है यह चुनाव:
जापान को पहली महिला प्रधानमंत्री मिली है। LDP को स्पष्ट बहुमत और युवाओं का रिकॉर्ड समर्थन मिला है, इसके साथ ही सुरक्षा और अर्थव्यवस्था पर निर्णायक जनादेश भी मिला है। इन कारणों से Japan Election 2026 को देश की राजनीति में एक टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है।