Jabalpur Morning News : मध्यप्रदेश की संस्कार धानी जबलपुर से कई अहम खबरे सामने आई है। जबलपुर मं खाद्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तो वही हाईकोर्ट ने एक दुष्कर्म मामले में अहम फैसला सुनाया है। इसके अलावा एक सड़क हादसे में एक की मौत हो गई है।
खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
नवरात्रि और ईद को ध्यान में रखते हुए खाद्य विभाग ने मिलावटी मसालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। मुकादमगंज स्थित शारदा गृह उद्योग में छापा मारकर टीम ने बड़ी मात्रा में मसाले जब्त किए। जांच में सामने आया कि गरम मसाले में खसखस की जगह अन्य दानों की मिलावट की जा रही थी। साथ ही पैकेटों में नकली तेजपत्ता, चक्रफूल और दालचीनी होने की आशंका जताई गई है। नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है।
हाईकोर्ट का अहम फैसला
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण निर्णय देते हुए कहा कि सहमति से बने संबंध को बाद में दुष्कर्म नहीं कहा जा सकता। जस्टिस बीपी शर्मा की एकलपीठ ने FIR निरस्त करते हुए कटनी निवासी व्यापारी मुकेश ठकुरानी को राहत दी। कोर्ट ने टिप्पणी की कि रिश्ते बिगड़ने के बाद लगाए गए ऐसे आरोप उचित नहीं हैं।
सिहोरा में दर्दनाक सड़क हादसा
सिहोरा क्षेत्र के उल्दना ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल है। हैरानी की बात यह रही कि डेढ़ साल की बच्ची सुरक्षित बच गई। दंपत्ति पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
गैस सिलेंडर कालाबाजारी पर सख्ती
जिला प्रशासन ने रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए नई पहल की है। अब सूचना देने वाले को जप्त सिलेंडरों की कीमत का 25% (अधिकतम ₹5000) इनाम मिलेगा। पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
सोम डिस्टिलरीज केस में सुनवाई
सोम डिस्टिलरीज मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। जस्टिस विवेक अग्रवाल की बेंच ने अगली सुनवाई 23 मार्च तय की है। मामला कंपनी के लाइसेंस रद्द और निलंबन से जुड़ा हुआ है।
छिंदवाड़ा कलेक्टर पर हाईकोर्ट सख्त
छिंदवाड़ा के कलेक्टर पर हाईकोर्ट ने 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। कोर्ट ने बिना जांच खनन रिपोर्ट स्वीकार करने और निर्दोष व्यक्ति को दोषी ठहराने पर नाराजगी जताई। साथ ही निर्देश दिए कि जुर्माना दोषी अधिकारियों से वसूला जाए और पीड़ित को मुआवजा दिया जाए।