सूरजपुर जिले के पम्पापुर ग्राम पंचायत के झारपारा मोहल्ले में एक मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद परिवार के चार सदस्यों को जान बचाकर बाहर निकलना पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा कीमती सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
आम तोड़ने गई युवती की स्कूटी चोरी
अंबिकापुर क्षेत्र में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है। सीतापुर थाना क्षेत्र के बेलजोरा गांव की रहने वाली सीता तिवारी 6 जून की शाम अपनी स्कूटी से सलाईनगर जा रही थीं। रास्ते में चलता कापू रोड पुलिया के पास उन्होंने सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर आम तोड़ना शुरू किया। कुछ समय बाद लौटने पर उनकी स्कूटी मौके से गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की शिकायत मिलने के बाद सीतापुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संभावित सुराग जुटाने में लगी हुई है। वहीं पीड़िता ने जल्द से जल्द स्कूटी बरामद करने की मांग की है।