भोपाल : मध्य प्रदेश में मानसून के पूरी तरह से एक्टिव होने चलते प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में लगातार हो रही बारिश के चलते लोगों को भले ही गर्मी और उमस से राहत मिल गई है। लेकिन कई जगहों में बारिश लोगों के लिए जी का जंजाल बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के 45 से ज्यादा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। तो वही 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में बारिश का ज्यादा असर रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
27 से 30 जुलाई तक बारिश की गतिविधियाँ होंगी तेज
जबकि मौसम विभाग ने सोमवार को उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो मानसून ट्रफ और सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के असर से 27 से 30 जुलाई तक बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी।