भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में एक बार फिर बड़ा बदलाव किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठनात्मक पुनर्गठन के तहत मध्य प्रदेश के लिए चार नए प्रदेश सहप्रभारियों की नियुक्ति की है। जारी सूची के मुताबिक नीतू वर्मा, पाल भाई अंबालिया, अजय कुमार पासवान और ओमवीर यादव को मध्य प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि आलाकमान ने संजना जाटव, रणविजय सिंह लोचाव और उषा नायडू को मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है।
तीन नेताओं को दूसरे राज्यों में मिली जिम्मेदारी
संगठन में हुए बदलाव के तहत मध्य प्रदेश के इन तीन नेताओं को दूसरे राज्यों में नई जिम्मेदारी दी गई है। जबकि पूर्व विधायक कुणाल चौधरी को उत्तर प्रदेश, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे को पंजाब और भूपेंद्र मरावी को झारखंड का सहप्रभारी नियुक्त किया गया है।
81 सचिवों की नई नियुक्ति
बता दें कि AICC ने देशभर में 81 सचिवों की नियुक्ति और पुनर्नियुक्ति की सूची जारी की है। कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नियुक्तियों का आदेश जारी किए।
जीतू पटवारी ने फैसले का किया स्वागत
इधर, मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में हुए बदलाव का स्वागत करते हुए जीतू पटवारी ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि आप अपने संगठनात्मक कौशल, अनुभव और समर्पण के साथ कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
राजनीतिक नजरिए से बदलाव अहम माना जा रहा
बता दें कि मध्य प्रदेश में 2028 में विधानसभा चुनाव होने जा रहे है. ऐसे में पार्टी द्वारा लिए गए इस फैसले को काफी एहम माना जा रहा है। आगामी चुनाव को देखते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की तैयारी में जुटी है। ऐसे में नई टीम के सामने प्रदेश में पार्टी का जनाधार बढ़ाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की चुनौती होगी।