MP Congress : मध्य प्रदेश में युवा कांग्रेस की चुनावी प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। मंगलवार शाम 5 बजे तक नामांकन दाखिल होंगे। यूथ कांग्रेस में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब प्रदेश महासचिव का एक पद ट्रांसजेंडर के लिए आरक्षित किया गया हो। इसमें कुल 48 महासचिव बनाए जाने हैं।
43 को मिली चुनाव लड़ने की मंजूरी
युवा कांग्रेस के चुनाव में गाइडलाइन के अनुसार पूरी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस प्रक्रिया के तहत संगठन में जो पदाधिकारी नही थे, उन्हें चुनाव लड़ने की मंजूरी दी गई है। यूथ कांग्रेस की गाइडलाइन के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के लिए कार्यकर्ता का पूर्व में पदाधिकारी होना जरूरी है। कई ऐसे कार्यकर्ता थे जो चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन क्राइटेरिया से बाहर थे। ऐसे में उनका इंटरव्यू लिया गया। इसके बाद परफॉर्मर लिस्ट जारी की गई। इसमें 43 कार्यकतार्ओं को चुनाव लड़ने के लिए मंजूरी दी गई है। यही लोग चुनाव लड़ने के लिये अधिकृत हैं। इसके अलावा अन्य कोई भी चुनावी प्रक्रिया में भाग नही ले सकता।
आज होंगे नामांकन दाखिल
संगठन के पोर्टल में दिक्कत के चलते चुनाव री-शेड्यूल कर दिया गया था। पहले 27 अप्रैल तक चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किए जाने थे। अब युवा कांग्रेस चुनाव के नामांकन आज जमा होंगे। वहीं, हर उम्मीदवार को अपने आपराधिक रिकार्ड की जानकारी भी अनिवार्य रूप से देगी होगी, ऐसा न करने पर उम्मीदवारी को निरस्त किया जाएगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को देगी ट्रेनिंग
मध्य प्रदेश कांग्रेस को चुनावों में लगातार मिलती हार के चलते अब पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए तरह-तरह के प्रयोग किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब कांग्रेस अपने विधायकों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, विधानसभा प्रभारियों को सर्वोदय की तर्ज पर आवासीय प्रशिक्षण देगी। अगले महीने 9 से 15 जून के बीच दो से तीन दिन का यह आवासीय प्रशिक्षण होगा। खास बात यह है कि प्रशिक्षण लेने वाले विधायकों, जिला अध्यक्षों सहित सभी नेताओं को एक निश्चित राशि बतौर पार्टी के पास जमा करनी होगी। मतलब ट्रेनिंग का खर्च भी खुद ही वहन करना होगा।