इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में ESIC अस्पताल के 50 से अधिक कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट के बाहर भीख मांगकर प्रदर्शन किया और नौकरी से निकाले जाने के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रशासन को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
कोरोना में की मरीजों की सेवा
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान करीब 3 से 4 साल तक अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा की, लेकिन अब उन्हें नौकरी से बाहर कर दिया गया है।
35 हजार रिश्वत की जा रही मांगी
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि दोबारा नौकरी पर रखने के नाम पर उनसे 35-35 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। उनका कहना है कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे भीख मांगकर रिश्वत की रकम जुटाने को मजबूर हैं।
रैली निकालकर राजवाड़ा में किया प्रदर्शन
कर्मचारियों ने रैली निकालकर राजवाड़ा पर भी प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें दोबारा नौकरी पर नहीं रखा गया तो वे अपने परिवार के साथ धरने पर बैठेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि जरूरत पड़ी तो वे भीख मांगकर ही अपने परिवार का भरण-पोषण करेंगे। फिलहाल कर्मचारियों के आरोपों पर संबंधित पक्ष का आधिकारिक जवाब सामने आना बाकी है।