देश के छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। चुनाव आयोग ने विशेष सारांश पुनरीक्षण (Special Summary Revision-SSR) का ऐलान कर दिया है। इस अभियान के जरिए वोटर लिस्ट में नए मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, गलतियों को ठीक किया जाएगा और अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
चुनाव आयोग की इस पहल का सबसे ज्यादा फायदा उन युवाओं को मिलेगा, जो पहली बार मतदान करने की तैयारी कर रहे हैं। आयोग ने इसके लिए पूरा कार्यक्रम भी तय कर दिया है। खास बात यह है कि 2027 में 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को भी मतदाता बनने के लिए पहले से आवेदन करने का मौका मिलेगा।
किन 6 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में होगा वोटर लिस्ट का पुनरीक्षण?
चुनाव आयोग के मुताबिक, विशेष सारांश पुनरीक्षण अभियान में ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और सिक्किम के साथ दो केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव शामिल हैं।
इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अपडेटेड बनाना है, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी पात्र नागरिक को मतदान करने के अधिकार से वंचित न रहना पड़े।
2027 में 18 साल पूरे करने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन
चुनाव आयोग ने इस पुनरीक्षण के लिए 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित किया है। इसका मतलब है कि इस तारीख तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा युवाओं को एक और सुविधा दी गई है। जो नागरिक 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 साल के होंगे, वे भी पहले से आवेदन कर सकते हैं।
इस व्यवस्था से पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
30 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
चुनाव आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए तारीखें भी तय कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, संशोधित प्रारूप मतदाता सूची यानी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 30 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी।
ड्राफ्ट लिस्ट प्रकाशित होने के बाद नागरिक अपने नाम की जांच कर सकेंगे। अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है या नाम, पता और अन्य विवरण में कोई गलती है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेगा।
21 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी फाइनल वोटर लिस्ट
ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद दावे और आपत्तियों पर कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों की ओर से इनका सत्यापन और निपटारा किया जाएगा।
पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद 21 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद अपडेटेड वोटर लिस्ट में पात्र मतदाताओं के नाम और संशोधित जानकारियां शामिल होंगी।
चुनाव आयोग ने राज्यों को दिए जरूरी निर्देश
इस अभियान को तय समय में पूरा करने के लिए चुनाव आयोग ने संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। आयोग ने पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।
इस विशेष अभियान में नए मतदाताओं, खासकर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आयोग का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।