राजेश सोनी, डबरा : एशिया के सबसे बड़े नवग्रह शक्तिपीठ मंदिर में होने जा रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए डबरा की महिलाएं पूरी ऊर्जा के साथ मैदान में उतर आई हैं। 10 फरवरी से प्रारंभ हो रहे इस धार्मिक आयोजन को लेकर पुलक जैन बहू मंडल ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कलश यात्रा से होगी शुरूआत
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत कलश यात्रा से होगी, जिसके स्वागत में बहू मंडल की महिलाओं ने यात्रा मार्ग को रंगोली, सजावट और सांस्कृतिक स्वरूप देने की जिम्मेदारी संभाली है। आयोजन की तैयारियों को लेकर नवग्रह मंदिर परिसर में एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और सभी समाज की महिलाओं से सक्रिय सहभागिता की अपील की गई।
रंगोली प्रतियोगिता में मिलेगा पुरस्कार
बैठक में बहू मंडल ने घोषणा की कि रंगोली सजाओ प्रतियोगिता सर्वसमाज की महिलाओं के लिए खुली रहेगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट रंगोली बनाने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसका उद्देश्य आयोजन में सामाजिक समरसता और महिला सहभागिता को और मजबूत करना है।
महिला शक्ति बनी आयोजन की पहचान
इस अवसर पर पुलक जैन बहू मंडल की ओर से विभिन्न महिला मंडलों की पदाधिकारी और सदस्यों का स्मृति चिन्ह एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने बैठक में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक का नेतृत्व अध्यक्ष निधि चौधरी, महामंत्री सपना जैन और कोषाध्यक्ष रेखा जैन ने किया। महिला मंडल ने नगर की सभी महिलाओं से अपील की कि वे कलश यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, क्योंकि यह डबरा के लिए गर्व का क्षण है। उनका कहना है कि नवग्रह शक्तिपीठ के माध्यम से डबरा अब सिर्फ प्रदेश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ रहा है।