भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में 26 नवंबर को संविधान दिवस उत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर समारोह की अध्यक्षता करेंगे। संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
संविधान गैलरी का किया जाएगा उद्घाटन
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे विधानसभा परिसर में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। इसके बाद विधानसभा परिसर में नवनिर्मित संविधान गैलरी का उद्घाटन किया जाएगा। इस गैलरी में संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश के योगदान को दर्शाने वाले विशेष चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।
स्वर्गीय दीनानाथ भार्गव के पुत्र को किया जाएगा सम्मानित
इसके अलावा विधानसभा के सेंट्रल हॉल में संविधान के इतिहास और उससे जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। समारोह के दौरान संविधान के प्रथम पृष्ठ पर अशोक स्तंभ का चित्र तैयार करने वाले स्वर्गीय दीनानाथ भार्गव के पुत्र को सम्मानित किया जाएगा।
दोपहर 12 बजे समिति कक्ष क्रमांक-1 में होगा मुख्य समारोह
संविधान दिवस का मुख्य समारोह दोपहर 12 बजे विधानसभा के समिति कक्ष क्रमांक-1 में आयोजित होगा। इस आयोजन के जरिए संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक योगदान को याद किया जाएगा।