ग्वालियर : ग्वालियर में NEET परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग को लेकर महाराज बाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने शिक्षा मंत्री का पुतला लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बनी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन का प्रयास किया। इस बीच पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हो गई।
सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
हालांकि पुलिस ने पुतला अपने कब्जे में लेकर दहन नहीं होने दिया। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया। कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।