रायपुर। प्रदेश में सुशासन को धरातल पर लाने के उद्देश्य से चल रहे सुशासन तिहार के तीसरे चरण की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को सक्ती जिले के बंदौरा गांव से की। यदि किसी गांव में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या अव्यवस्था पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जैसे ही गांव में उतरा, ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ गई और उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने करीगांव में पीपल के पेड़ के नीचे पारंपरिक चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। महिलाओं ने हल्दी-चावल का तिलक लगाकर और आरती उतारकर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया, साथ ही कमल का फूल भेंट कर आभार जताया।
ग्रामीणों से खाट पर बैठकर की बातचीत:
मुख्यमंत्री ने सहज और आत्मीय वातावरण में खाट पर बैठकर गांववालों से उनकी समस्याएं और योजनाओं के लाभ की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री के साथ प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और सचिव पी. दयानंद भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही कई समस्याओं का संज्ञान लिया और निराकरण की दिशा में पहल की।
सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा #CGKaSuShasan:
मुख्यमंत्री के इस आकस्मिक दौरे की चर्चा सोशल मीडिया पर भी जमकर हो रही है। ट्विटर (एक्स) पर #CGKaSuShasan हैशटैग के साथ यह खबर ट्रेंड कर रही है। लोग मुख्यमंत्री के जमीनी स्तर पर जाकर संवाद करने की शैली की सराहना कर रहे हैं।
31 मई तक चलेगा सुशासन तिहार का तीसरा चरण:
उल्लेखनीय है कि प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार का तीसरा चरण आज से शुरू हो रहा है, जो 31 मई तक चलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के तीसरे चरण में आज आकस्मिक भ्रमण पर निकलेंगे। मुख्यमंत्री साय किसी भी गांव में आकस्मिक रूप से जाएंगे और वहां लोगों से सीधा संवाद करेंगे। उनका यह भ्रमण गोपनीय है। मुख्यमंत्री समाधान शिविरों में भी जाएंगे और लोगों से योजनाओं का फ़ीड बेक लेंगे। मुख्यमंत्री के साथ प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव पी.दयानंद मौजूद हैं।