रायपुर। ओडिशा के सुंदरगढ़ में 11 नवंबर से 15 नवंबर तक आयोजित चौथी राष्ट्रीय कीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें छत्तीसगढ़ के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपना शानदार प्रदर्शन करने हुए पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। बता दें कि इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के 7000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य के 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में जिला, संभाग, विद्यालय और राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया के बाद इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 466 प्रतिभागियों सहित कुल 516 सदस्यीय दल सम्मिलित हुए।
सीएम साय ने दी बधाई:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि, यह उपलब्धि राज्य में जनजातीय शिक्षा, खेल संसाधनों के सुदृढ़ीकरण तथा युवा खिलाड़ियों के निरंतर प्रोत्साहन की दिशा में सरकार के प्रयासों का परिणाम है। सीएम साय ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि, ओडिशा में आयोजित चौथे EMRS राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2025 में छत्तीसगढ़ राज्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समग्र रूप से दूसरा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि राज्य के युवा खिलाड़ियों की अथक मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कौशल का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ की पूरी टीम को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ।
सीएम साय ने जताया आभार:
मुख्यमंत्री ने कहा कि, जनजातीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार खेल सुविधाओं का विस्तार, कोचिंग, आवासीय विद्यालयों और उन्नत प्रशिक्षण में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने प्रशिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और खिलाड़ियों के प्रति आभार जताया है। जिन्होंने राष्ट्रीय मंच पर बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया है।
इन खेलों में हासिल की सफलता:
प्रदेश के विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता में उम्दा प्रदर्शन करते हुए 43 रजत, 64 कांस्य पदक और 55 स्वर्ण सहित लगभग 162 पदक हासिल किया, और छत्तीसगढ़ का परचम राष्ट्रीय स्तर पर ऊँचा किया है। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। स्वीमिंग में 09 रजत, कुश्ती एवं एथलेटिक्स में 07-07 स्वर्ण, 10 स्वर्ण, 07 कांस्य, 05-05 स्वर्ण ताईक्वांडो और तीरंदाजी में , तथा 04-04 स्वर्ण पदक जूडो एवं बैडमिंटन में प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
प्रतिभागी टीम को प्रदान की गई ट्रॉफी:
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और केन्द्रीय मंत्री जुएल ओराम द्वारा छत्तीसगढ़ की प्रतिभागी टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई। यह उपलब्धि प्रदेश के विद्यार्थियों की प्रतिबद्धता, लगन और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
राष्ट्रीय पटल पर किया शानदार प्रदर्शन:
उल्लेखनीय है कि, प्रदेश के 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में 27,300 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इन विद्यालयों में बेहतर शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए विशेष ध्यान दिया जाता है। इसी सतत प्रयास का परिणाम है कि, आज एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पटल पर शानदार सफलता प्राप्त करते हुए आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास विभाग सहित पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
मंत्रियों ने दी बधाई:
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हासिल करने पर प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम और आयुक्त डॉ.सारांश मित्तर ने भी शिक्षकों और पूरी टीम और सभी विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई व शुभकामनाएँ दी हैं।