राकेश कानूनगो, नागदा: नगर के बैजनाथ खेड़ी रोड के पास शुक्रवार को गोवंश का सिर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर उन्हेल पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुएं में गोवंश का सिर पड़ा होने की सूचना मिलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा गोवंश के अवशेषों को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि यदि पुलिस जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई नहीं करती है तो विश्व हिन्दू परिषद उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले का शीघ्र खुलासा नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उधर, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री जितेंद्र पांचाल ने कहा है कि प्रशासन को जल्द से जल्द गौ माता की हथियारों को पकडत्रे और कठोर दंड़ दिया जाए। मामले का जल्दी खुलासा नहीं किया जाता है तो हिंदू समाज उग्र आंदोलन करेगा।
.png)