धार : मध्य प्रदेश के धार के टांडा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। जिसका इलाज अस्पताल में जारी है। हादसा सुबह 7 बजे के करीब हुआ। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
ओवरटेक करने के चलते हुए हादसा
बताया जा रहा है कि टांडा-बाग मार्ग पर एक पिकअप वाहन रेत से भरे डंपर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही 'गौरीपुत्र' यात्री बस से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। यह बस गुजरात के गोंडल से बाग की ओर जा रही थी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
हादसे में पिकअप चालक की मौत
इस हादसे में पिकअप वाहन चालक गौतम निवासी धरमपुरी की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में बस चालक शिवा गवली (28) निवासी डेहरी और हरीश राठौर (40) निवासी देशवालिया शामिल हैं, जिन्हें गंभीर चोटें आने पर उपचार के लिए धार जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं पिकअप वाहन में सवार धामनोद निवासी गोलू पिता फत्तू सिंह को सरदारपुर अस्पताल भेजा गया है। एक अन्य घायल का उपचार टांडा अस्पताल में जारी है।