Bhopal Nagar Nigam : इंदौर के बाद अब राजधानी भोपाल के पेयजल की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर खबर सामने आई है। नगर निगम द्वारा की गई सैंपलिंग में यह खुलासा हुआ है कि शहर के कई इलाकों में पानी पीने योग्य नहीं है। निगम की टीम ने पिछले एक सप्ताह के दौरान करीब 250 स्थानों से पानी के सैंपल लिए, जिनमें से कई सैंपल फेल पाए गए हैं।
पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया
जांच रिपोर्ट में कुछ इलाकों के पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया की मौजूदगी भी सामने आई है। यह वही खतरनाक बैक्टीरिया है, जिससे हाल ही में इंदौर में लोगों की मौत की घटनाएं सामने आई थीं। भोपाल के खानूगांव, आदमपुर और बाजपेई नगर क्षेत्रों के भूगर्भ जल में ई-कोलाई बैक्टीरिया पाए जाने की पुष्टि हुई है।
नगर निगम की चेतावनी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने इन इलाकों में रहने वाले नागरिकों को उस पानी का उपयोग न करने की सलाह दी है। निगम का कहना है कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार सैंपलिंग और जांच का कार्य किया जा रहा है। नगर निगम की टीमें बीते एक सप्ताह से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में मैदानी स्तर पर पानी के नमूनों की जांच में जुटी हुई हैं। निगम प्रशासन का उद्देश्य है कि दूषित पानी की पहचान कर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे किसी भी तरह की जनहानि को रोका जा सके।
क्या बोले निगम अध्यक्ष?
इस पूरे मामले पर नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा कि पीने के पानी की शुद्धता को लेकर निगम पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार सैंपलिंग की जा रही है और जहां भी गड़बड़ी पाई जा रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे निगम की एडवाइजरी का पालन करें और संदिग्ध पानी का उपयोग करने से बचें।