Afghanistan-Pakistan Conflict: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद सहित कई सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की है। यह कार्रवाई कथित तौर पर काबुल, कंधार और पक्तिया में हुए पाकिस्तानी एयर रेड्स के जवाब में की गई। हालांकि पाकिस्तान सरकार की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इस्लामाबाद के फैजाबाद के पास एयरस्ट्राइक का दावा:
रिपोर्ट्स के मुताबिक अफगान एयरफोर्स ने सुबह करीब 11 बजे इस्लामाबाद के फैजाबाद इलाके के पास एक मिलिट्री कैंप को निशाना बनाया। इसके अलावा खैबर पख्तूनख्वा के नौशेरा कैंट और जमरूद मिलिट्री कॉलोनी पर भी हमले किए गए। बताया जा रहा है कि इस ऑपरेशन में ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि “विशेष मिलिट्री साइट्स, सेंटर्स और फैसिलिटीज़” को सफलतापूर्वक टारगेट किया गया।
55 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा:
अफगानिस्तान के न्यूज चैनल TOLO News के अनुसार इस ऑपरेशन में पाकिस्तान की सैन्य सरकार के 55 सैनिक मारे गए। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि दो सैन्य हेडक्वार्टर पर कब्ज़ा किया गया है. 19 चेक पोस्ट अफगान सेना के नियंत्रण में आ गईं, बड़ी संख्या में हल्के और भारी हथियार जब्त किए गए। कुछ पाकिस्तानी सैनिकों को जिंदा पकड़ लिया गया। वहीं अफगान पक्ष के मुताबिक इस कार्रवाई में 8 अफगान सैनिक मारे गए और 11 घायल हुए हैं।
डंगम जिले से अफगानी कमांडर का दावा:
अफगानिस्तान के सरकारी प्रसारक RTA Afghanistan ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें डंगम जिले के बंशी इलाके में भारी लड़ाई का दावा किया गया है। वीडियो में एक अफगानी कमांडर अपने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देते हुए कहता है कि पाकिस्तानी मिलिशिया पीछे हट गई है। नवपास पोस्ट पर कब्जा किया गया है, और दो पाकिस्तानी सैनिकों के शव बरामद हुए, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।
डूरंड लाइन पर कब्जे का दावा:
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि डूरंड लाइन के पास पाकिस्तान की कई चौकियों पर अफगान लड़ाकों ने कब्जा कर लिया है। सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर जारी वीडियो में कथित तौर पर कब्जे में लिए गए हथियारों को बांटते हुए अफगान लड़ाके दिखाई दे रहे हैं।
तोरखम में नागरिकों के घायल होने की खबर:
अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार तोरखम इलाके में लौटने वाले लोगों के लिए बनाए गए एक अस्थायी कैंप पर पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में महिलाओं और बच्चों समेत 13 लोग घायल हुए। मंत्रालय ने कहा कि हालिया कार्रवाई उसी के जवाब में की गई।
अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार:
इस पूरे घटनाक्रम पर पाकिस्तान सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्वतंत्र स्रोतों से इन दावों की पुष्टि भी नहीं हो सकी है। सीमा क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।यह रिपोर्ट विभिन्न अफगानी मीडिया स्रोतों और आधिकारिक बयानों पर आधारित है। पाकिस्तान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। स्थिति तेजी से बदल सकती है।