रायसेन : मध्य प्रदेश के रायसेन में कल यानि की 11 अप्रैल से उन्नत कृषि महोत्सव’ शुरू होने जा रहा है। जिसको लेकर तैयारी जहां पूरी कर ली गई। तो वही महोत्सव का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे। महोत्सव 13 अप्रैल तक चलेगा। जिसमे बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
शिवराज सिंह चौहान ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
इस कार्यक्रम के जरिए किसानों को बीज से बाजार तक, प्रयोगशाला से खेत तक की हर जानकारी दी जाएगी। ताकि किसानों को खेती करने में किसी तरह की दिक्कत न हो। इस बात की जानकारी खुद केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दी। शिवराज ने कहा कि यह महोत्सव सिर्फ मेला नहीं, बल्कि किसानों के लिए आधुनिक खेती सीखने का बड़ा प्रशिक्षण मंच होगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार का मुख्य उद्देश्य देश की खाद्य सुरक्षा मजबूत करना, किसानों की आय बढ़ाना और हर नागरिक तक पोषणयुक्त भोजन पहुंचाना है।
शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से की खास अपील
इतना ही नहीं मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से अपील की है वो बड़ी संख्या में इस महोत्सव में शामिल हों, नई तकनीक सीखें और अपनी खेती को आधुनिक बनाकर आय बढ़ाएं। कार्यक्रम में किसानों को फर्टिलाइजर सब्सिडी, फसल बीमा, फार्मर आईडी और मौसम से होने वाले नुकसान से राहत जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी। तो वही महोत्सव के अंतिम दिन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मुख्य आतिथ्य के रूप में मौजूद रहेंगे।
20 तकनीकी सत्र और लाइव डेमो
महोत्सव के दौरान 20 तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कृषि मशीनीकरण, प्राकृतिक खेती, फसल प्रबंधन, एआई तकनीक और बागवानी जैसे विषय शामिल होंगे। साथ ही किसानों को मशीनों और नई तकनीकों के लाइव डेमो भी दिखाए जाएंगे, ताकि वे इन्हें आसानी से समझ सकें।