नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरे और आखिरी T20 इंटरनेशनल मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने ऐसी विस्फोटक बल्लेबाजी की, जिसने क्रिकेट रिकॉर्ड बुक में कई नए अध्याय जोड़ दिए। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अभिषेक ने सिर्फ 30 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। अभिषेक की पारी 34 गेंदों पर 108 रन के स्कोर पर खत्म हुई। उनकी पारी में 9 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 221/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में अफगानिस्तान की पूरी टीम 94 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 127 रन से जीत लिया। इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप कर ली। अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।

1. भारत के लिए सबसे तेज T20I शतक
अभिषेक शर्मा ने महज 30 गेंदों में शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह भारत की ओर से T20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में शतक लगाया था। अभिषेक ने इस रिकॉर्ड को पांच गेंद पहले ही तोड़ दिया।
2. फुल मेंबर टीम के खिलाफ सबसे तेज T20I सेंचुरी
अभिषेक का 30 गेंदों में शतक किसी फुल मेंबर टीम के बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे तेज T20I शतक भी है। इससे पहले जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा और न्यूजीलैंड के फिन एलन ने 33 गेंदों में शतक लगाए थे। ओवरऑल T20I में अभिषेक का 30 गेंदों वाला शतक तीसरा सबसे तेज है। उनसे आगे एस्टोनिया के साहिल चौहान और तुर्की के मोहम्मद फहद हैं।
T20I में सबसे तेज शतक
27 गेंद – साहिल चौहान, एस्टोनिया
29 गेंद – मोहम्मद फहद, तुर्की
30 गेंद – अभिषेक शर्मा, भारत
33 गेंद – जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, नामीबिया
33 गेंद – सिकंदर रजा, जिम्बाब्वे
33 गेंद – फिन एलन, न्यूजीलैंड
3. टेस्ट खेलने वाले देश के खिलाफ सबसे तेज शतक
अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में शतक पूरा करके किसी टेस्ट खेलने वाले देश के खिलाफ T20I में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने न्यूजीलैंड के फिन एलन के 33 गेंदों में बनाए शतक का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
4. पावरप्ले में अभिषेक का धमाका
अभिषेक ने मैच के शुरुआती छह ओवरों में ही अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में 76 रन बनाए। इस पारी के दौरान अभिषेक ने पावरप्ले में व्यक्तिगत स्कोर के मामले में नया T20I रिकॉर्ड बनाया। ICC के अनुसार भारत ने अभिषेक और संजू सैमसन की साझेदारी की मदद से पावरप्ले में कुल 100 रन बनाए, जो भारत का इस फॉर्मेट में नया टीम रिकॉर्ड भी बना।
5. 20 गेंद या उससे कम में छठा अर्धशतक
अभिषेक ने अपना अर्धशतक भी महज 16 गेंदों में पूरा किया। यह T20I में उनका छठा अर्धशतक है, जो उन्होंने 20 या उससे कम गेंदों में पूरा किया। ICC के मुताबिक 16 गेंदों का यह अर्धशतक भारत के लिए संयुक्त रूप से चौथा सबसे तेज T20I अर्धशतक रहा। इससे पहले इसी साल अभिषेक 14 गेंदों में अर्धशतक भी लगा चुके हैं।
6. टी20 क्रिकेट में विराट कोहली के 10 शतकों की बराबरी
अफगानिस्तान के खिलाफ 108 रन की पारी अभिषेक शर्मा का टी20 क्रिकेट में 10वां शतक रहा। इसके साथ ही उन्होंने विराट कोहली के 10 टी20 शतकों की बराबरी कर ली अब भारतीय खिलाड़ियों में टी20 क्रिकेट में शतकों की संख्या के मामले में अभिषेक और विराट बराबरी पर हैं।
7. एक T20I सीरीज में 22 छक्के
अभिषेक ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज में कुल 22 छक्के लगाए। यह किसी एक T20I सीरीज में भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्कों के उनके ही रिकॉर्ड की बराबरी है। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 2025 की T20I सीरीज में भी 22 छक्के लगाए थे।
8. बाउंड्री से बनाए 94 फीसदी से ज्यादा रन
अभिषेक की 108 रन की पारी में उन्होंने 9 चौके और 11 छक्के लगाए। यानी बाउंड्री से उन्होंने कुल 102 रन बनाए। इस तरह उनकी पारी के 94.44 प्रतिशत रन बाउंड्री से आए, जो T20I शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में इस मामले का नया रिकॉर्ड बताया गया है।

भारत ने 127 रन से जीता मुकाबला
अभिषेक शर्मा की रिकॉर्डतोड़ पारी के बाद भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 221/7 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 14.1 ओवर में सिर्फ 94 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने इस मुकाबले को 127 रन से जीतकर तीन मैचों की T20I सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। अभिषेक शर्मा को उनकी 108 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।