RTO Challan Scam: भोपाल। राजधानी भोपाल में साइबर ठगों ने लोगों को निशाना बनाने के लिए फर्जी RTO e-Challan मैसेज का सहारा लेना शुरू कर दिया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भोपाल क्राइम ब्रांच ने वाहन चालकों के लिए अलर्ट जारी किया है। पुलिस ने लोगों को अनजान नंबरों से आने वाले चालान संबंधी मैसेज और पेमेंट लिंक से सावधान रहने की अपील की है।
अज्ञात मोबाइल नंबरों से मैसेज भेजे जा रहे मैसेज
पुलिस के मुताबिक, लोगों को +91 से शुरू होने वाले अज्ञात मोबाइल नंबरों से मैसेज भेजे जा रहे हैं। इनमें वाहन नंबर MP04YP9619 पर 2,000 रुपये का e-Challan जारी होने की बात कही जा रही है। साथ ही भुगतान करने के लिए http://m-parivahan.duckdns जैसे संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने को कहा जा रहा है।
अनजान लिंक पर क्लिक न करें की सलह
भोपाल क्राइम ब्रांच ने इस मैसेज को फर्जी बताते हुए इसे साइबर धोखाधड़ी की कोशिश करार दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी तरह की व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा करें।
हेल्पलाइन नंबर 9479990636 जारी
अगर किसी व्यक्ति को इस तरह का संदिग्ध मैसेज मिलता है या साइबर ठगी का संदेह होता है, तो वह क्राइम ब्रांच भोपाल के हेल्पलाइन नंबर 9479990636 या साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क कर सकता है।