छिंदवाड़ा : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में सड़क हादसे का शिकार होने के चलते 4 मजदूरो की दुखद मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। हादसा छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाईवे पर हुआ। जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई शुरू की।
हादसा सुबह 10 बजे का
हादसा सोमवार सुबह करीब 10 बजे टेमनी खुर्द के पास हुआ। बताया जा रहा है कि हादसा इतना ज्यादा भीषण था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर दूर सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोट लगने की वजह से 4 की मौके पर मौत हो गई। जबकि कई घायलों की हालत गंभीर है।
सब्जी तोड़ने जा रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में सवार मजदूर सब्जी तोड़ने सुबह 9 बजे कन्हरगांव के लिए निकल रहे थे। इस दौरान यूरिया से भरे ट्रक ने पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। जिसकी वजह से 4 की जान चली गई।
सभी मजदूर मछैरा के रहने वाले हैं
मरने वालों में 3 महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। जिनकी पहचान करने का प्रयास पुलिस कर रही है। सभी मजदूर मछैरा के रहने वाले हैं। फ़िलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है।