भोपाल : मध्य प्रदेश के भोपाल से सड़क हादसे की दुखद खबर सामने आ रही है। जहां सुखी सेवनिया थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम हुए एक्सीडेंट में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों बाइक में सवार होकर एक कार्यक्रम से घर लौट रहे थे। इस दौरान एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार भोपाल के आनंद नगर निवासी राजकुमार साहू (50), उनकी पत्नी माया साहू (45) और रेहटी निवासी उनके रिश्तेदार सोनू साहू (करीब 25) बाइक से रायसेन जिले के अंबाड़ी में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित रसोई कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। सोमवार को तीनों बाइक से वापस भोपाल लौट रहे थे। इसी दौरान दाल मिल चौराहे से आगे देहरी तालाब के पास भोपाल से विदिशा की ओर जा रही कार (MP04 WC 7361) से उनकी भिड़ंत हो गई।