BJP MLA Umakant Sharma : सिरोंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा ने देर रात अपने क्षेत्र के आनंदपुर थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की पोल खोल दी। विधायक जब रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच थाने पहुंचे, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। विधायक के अनुसार, पूरे थाने में पुलिसकर्मी सोते हुए मिले और रात्रिकालीन गश्त की व्यवस्था पूरी तरह से ठप नजर आई।
क्या बोले विधायक शर्मा?
विधायक उमाकांत शर्मा ने अपने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने आनंदपुर गांव में रात्रि गश्त और चौकीदारी व्यवस्था का जायजा लिया, लेकिन मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद लचर पाई गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के व्यापारी पहले भी कई बार पुलिस प्रशासन से रात की गश्त मजबूत करने की मांग कर चुके हैं, बावजूद इसके हालात जस के तस बने हुए हैं।
सोशल मीडिया पर उठाई आवाज
औचक निरीक्षण के बाद विधायक ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि आनंदपुर थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त की व्यवस्था पूरी तरह से खराब है। इस संबंध में उन्होंने थाना प्रभारी अनुज प्रताप सिंह, लटेरी एसडीओपी और एसपी महोदय को भी अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं किया गया है। विधायक ने स्पष्ट तौर पर कहा कि जनता की सुरक्षा से जुड़ी इतनी गंभीर लापरवाही कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात्रि गश्त को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर आवश्यक कार्रवाई हो।