होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Census 2027: जनगणना में पूछे जाएंगे 33 सवाल, फर्श-दीवार से लेकर मोबाइल और इंटरनेट तक देनी होगी जानकारी...

Census 2027: जनगणना में पूछे जाएंगे 33 सवाल, फर्श-दीवार से लेकर मोबाइल और इंटरनेट तक देनी होगी जानकारी...

रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में वर्ष 2027 से शुरू होने वाली जनगणना को लेकर केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय ने जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले सवालों का विस्तृत ब्योरा जारी कर दिया है। इसके तहत घर-घर जाकर 33 बिंदुओं पर आधारित जानकारी जुटाई जाएगी। इस संबंध में छत्तीसगढ़ गृह विभाग ने भी सभी संबंधित जनगणना अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने नियुक्त क्षेत्र में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना अनुसूचियों के माध्यम से जानकारी एकत्र करनी होगी।

 फर्श, दीवार और छत की भी देनी होगी जानकारी:

जनगणना के दौरान लोगों से यह पूछा जाएगा कि उनके मकान का फर्श किस सामग्री से बना है, दीवारें और छत किस प्रकार की हैं। इसके अलावा मकान का उपयोग क्या है और उसकी वर्तमान स्थिति कैसी है, यह जानकारी भी दर्ज की जाएगी।

परिवार से जुड़े अहम सवाल:

जनगणना अधिकारी यह भी जानेंगे कि घर में सामान्य रूप से कितने लोग रहते हैं, परिवार का मुखिया कौन है और उसका लिंग क्या है। साथ ही यह जानकारी भी ली जाएगी कि परिवार का मुखिया अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य वर्ग से संबंधित है या नहीं। इसके अलावा घर में उपलब्ध कमरों की संख्या और विवाहित दंपत्तियों की संख्या भी पूछी जाएगी।

पानी, शौचालय और रसोई की जानकारी अनिवार्य:

घर में पीने के पानी का मुख्य स्रोत क्या है, पानी की उपलब्धता कैसी है, शौचालय मौजूद है या नहीं और उसका प्रकार क्या है, ये सभी सवाल शामिल हैं। इसके साथ ही यह भी पूछा जाएगा कि घर से गंदे पानी की निकासी कैसे होती है, स्नानगृह है या नहीं, रसोईघर की सुविधा और एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन की स्थिति क्या है। खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाले ईंधन की जानकारी भी देनी होगी।

टीवी, मोबाइल, इंटरनेट और वाहन की डिटेल:

जनगणना में अब डिजिटल और भौतिक सुविधाओं का भी रिकॉर्ड रखा जाएगा। अधिकारियों द्वारा यह जानकारी ली जाएगी कि घर में रेडियो, ट्रांजिस्टर, टीवी, कंप्यूटर या लैपटॉप है या नहीं। इंटरनेट सुविधा, मोबाइल फोन, स्मार्टफोन, साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, कार, जीप या वैन की उपलब्धता की जानकारी भी दर्ज की जाएगी।

परिवार कौन सा अनाज करता है इस्तेमाल:

इसके अलावा यह भी पूछा जाएगा कि परिवार द्वारा उपभोग किया जाने वाला मुख्य अनाज कौन सा है। जनगणना अधिकारी परिवार का मोबाइल नंबर भी दर्ज करेंगे, जिसका उपयोग केवल जनगणना संबंधी कार्यों के लिए किया जाएगा।

ये हैं 33 प्रमुख सवाल:

जनगणना अधिकारी 33 बिंदुओं के आधार पर जानकारी एकत्र करेंगे, जिनमें प्रमुख रूप से भवन नंबर और जनगणना मकान नंबर, फर्श, दीवार और छत में प्रयुक्त सामग्री, मकान का उपयोग और स्थिति, परिवार क्रमांक, मूलभूत सुविधाएं और संसाधन शामिल हैं, इन सभी जानकारियों को आधिकारिक जनगणना प्रपत्र में दर्ज किया जाएगा।


संबंधित समाचार