कांकेर। हरिभूमि-आईएनएच की ओर से आयोजित जिला संवाद कार्यक्रम मंगलवार को कांकेर में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव से प्रदेश के विकास, सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से संवाद किया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव ने पिछली कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने जनता को सिर्फ सपने दिखाए, लेकिन धरातल पर काम नहीं किया। वहीं भाजपा सरकार ने अपने दो साल के कार्यकाल में संकल्पों को अमल में लाकर दिखाया है।
दो साल उपलब्धियों से भरे रहे:
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि भाजपा सरकार के दो साल ऐतिहासिक और संतोष देने वाले रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराए, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया, किसानों को दो साल का पुराना बोनस सिर्फ 12 दिन में दिया, रुके हुए विकास कार्यों को फिर से गति दी। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए हर वादे को निभाना सरकार की प्राथमिकता रही है।
पद नहीं, सेवा महत्वपूर्ण:
डॉ. हिमांशु द्विवेदी के सवाल पर कि मुख्यमंत्री बनने की उम्मीदों के बावजूद उप मुख्यमंत्री बनने को लेकर क्या कभी निराशा हुई, अरुण साव ने कहा कि उन्होंने बूथ अध्यक्ष से राजनीति की शुरुआत की और पार्टी ने उन्हें सांसद, प्रदेश अध्यक्ष और अब उप मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा, “मेरे लिए पद नहीं, जनता की सेवा सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
किसानों, महिलाओं और युवाओं के साथ न्याय:
डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछली सरकार ने किसानों और गरीबों के साथ अन्याय किया, जबकि भाजपा सरकार ने उन्हें उनका हक दिया। उन्होंने पीएससी घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि इसकी CBI जांच कराई जाएगी, और आज दोषी जेल में हैं।
धरातल पर दिख रहा विकास:
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता सजग है और केवल प्रचार नहीं, बल्कि जमीन पर काम देखती है। उन्होंने बताया कि गांवों और शहरों में सुव्यवस्थित विकास हो रहा है पहली बार प्रदेश के 7 नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार मिला शहरों के लिए सिटी डेवलपमेंट प्लान के तहत योजनाबद्ध काम किए जा रहे हैं । जनता ने काम के आधार पर जनादेश दिया है, डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछली सरकार ने प्रचार के सहारे सत्ता संभालने की कोशिश की, लेकिन जनता ने सच्चाई पहचान ली और भाजपा को जनादेश दिया।