पन्ना : मध्य प्रदेश के पन्ना में उस वक़्त मातम छा गया जब पानी में खेलने के दौरान दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों बहने नानी के घर छुट्टी मनाने के लिए आई थी। लेकिन हादसे का शिकार होने के चलते दोनों की मौत हो गई। फ़िलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दिया है। वही मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने की मृतकों की पहचान
जानकारी के अनुसार, 8 वर्षीय रागिनी और 6 वर्षीय आशिकी अमानगंज के रामपुर गांव से अपनी नानी के घर आई थीं। जहां आज दोपहर वो सहेलियों के साथ तालाब किनारे खेलने गईं, तभी खेलते-खेलते छोटी बहन का पैर फिसला और वो पानी में डूबने लगी। छोटी बहन को बचाने के लिए बड़ी बहन ने भी पानी में छलांग लगा दी। लेकिन गहराई में सामने की वजह से दोनों की मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चियों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो बेटियों को खोने से पिता कृष्णा आदिवासी और उनका परिवार गहरे सदमे में है। तो वही गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
रेलवे द्वारा खोदा गया तालाब
बताया जा रहा है कि जिस तालाब में यह हादसा हुआ, उसे रेलवे विभाग द्वारा खुदवाया गया था, लेकिन वहां किसी भी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के चलते यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।