होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

CBSE का बड़ा ऐलान! 8वीं से 12वीं तक के छात्रों को मिलेंगे फ्री कोचिंग

CBSE का बड़ा ऐलान! 8वीं से 12वीं तक के छात्रों को मिलेंगे फ्री कोचिंग

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक नई डिजिटल पहल शुरू की है। बोर्ड ने छात्रों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से 19 मुफ्त ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध कराए हैं। इन पाठ्यक्रमों के जरिए विद्यार्थी घर बैठे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), पायथन प्रोग्रामिंग, कोडिंग, साइबर सिक्योरिटी, वेब टेक्नोलॉजी समेत कई उभरते क्षेत्रों की जानकारी हासिल कर सकेंगे। इन कोर्स के लिए छात्रों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

बिना फीस के सीख सकेंगे नई तकनीक

आमतौर पर AI, पायथन, कोडिंग और साइबर सिक्योरिटी जैसे विषयों की ट्रेनिंग के लिए निजी संस्थानों में मोटी फीस चुकानी पड़ती है। लेकिन अब CBSE से संबद्ध स्कूलों के छात्र इन विषयों को मुफ्त में सीख सकेंगे। बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे इस पहल की जानकारी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा सकें।

NIELIT के सहयोग से तैयार किए गए कोर्स

इन ऑनलाइन पाठ्यक्रमों को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) के सहयोग से तैयार किया गया है। सभी कोर्स NIELIT के डिजिटल यूनिवर्सिटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराए गए हैं। CBSE का उद्देश्य छात्रों को शुरुआती स्तर से ही नई तकनीकों से परिचित कराना है, ताकि उच्च शिक्षा और भविष्य के रोजगार में उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिल सके।

हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध

बोर्ड ने छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई कोर्स हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराए हैं। इससे भाषा किसी भी छात्र के सीखने में बाधा नहीं बनेगी। कोर्स की पूरी सूची आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है, जहां से विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार पाठ्यक्रम का चयन कर सकते हैं।

अपनी सुविधा के अनुसार कर सकेंगे पढ़ाई

इन कोर्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि विद्यार्थी अपनी सुविधानुसार कभी भी ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं। किसी निश्चित समय पर क्लास में शामिल होने की अनिवार्यता नहीं होगी। कोर्स की अवधि भी अलग-अलग रखी गई है। कुछ शुरुआती पाठ्यक्रम केवल 15 घंटे के हैं, जबकि एडवांस लेवल के कोर्स 100 घंटे से अधिक की अवधि वाले हैं, जिससे छात्र अपनी जरूरत और रुचि के अनुसार सीखने का विकल्प चुन सकें.


संबंधित समाचार