सबसे बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन : नक्सलियों के कब्जे से दो पहाड़ियां मुक्त, जवानों ने लहराया तिरंगा, तीसरी कररेगुट्टा पहाड़ी पर अब सीधा निशाना

सबसे बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन : नक्सलियों के कब्जे से दो पहाड़ियां मुक्त, जवानों ने लहराया तिरंगा, तीसरी कररेगुट्टा पहाड़ी पर अब सीधा निशाना

गणेश मिश्रा// बीजापुर// एंटी नक्सल ऑपरेशन का 9वां दिन: सुरक्षाबलों को ऑपरेशन कररेगुट्टा में बड़ी सफलता मिली है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में स्थित धोबे की पहाड़ी को जवानों ने पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया है। इससे पहले नीलम सराय पहाड़ी पर भी जवानों ने कब्जा किया था। इस प्रकार, नक्सलियों के कब्जे में रही तीन प्रमुख पहाड़ियों में से दो अब पूरी तरह से सुरक्षा बलों के नियंत्रण में हैं।

तिरंगा फहराकर जीत का ऐलान :

भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से धोबे की पहाड़ियों पर जवानों को उतारा गया। सटीक रणनीति और अदम्य साहस के साथ जवानों ने पहाड़ी पर नक्सलियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। जैसे ही अंतिम पोस्ट पर कब्जा हुआ, जवानों ने वहां देश का तिरंगा फहराकर जीत का ऐलान कर दिया।

अब बचा कररेगुट्टा पहाड़ी:

अब ऑपरेशन का अगला लक्ष्य कररेगुट्टा पहाड़ी है, जो रणनीतिक दृष्टि से सबसे अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि यहीं पर कुछ बड़े नक्सली नेताओं की मौजूदगी हो सकती है। सुरक्षा बलों की निगाह अब इसी पहाड़ी पर टिकी है, जहां जल्द ही तिरंगा लहराने की उम्मीद जताई जा रही है।

ऑपरेशन अब  निर्णायक मोड़ पर :

ऑपरेशन कररेगुट्टा लगातार नौ दिनों से चल रहा है और इसने अब निर्णायक मोड़ ले लिया है। जवानों की बहादुरी और सटीक योजना से नक्सलियों के गढ़ में सुरक्षा बलों ने गहरी पैठ बना ली है। अब तीसरी और अंतिम पहाड़ी कररेगुट्टा पर भी जल्द ही तिरंगा फहराने का संकल्प सुरक्षा बलों ने लिया है।


संबंधित समाचार