भोपाल। उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ-2028 को लेकर मध्यप्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को सुरक्षित संभालने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए होमगार्ड जवानों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए खास तौर पर प्रयागराज महाकुंभ में सुरक्षा बलों को प्रशिक्षित करने वाले 250 मास्टर ट्रेनर मध्यप्रदेश पहुंचेंगे।
15 दिनों में प्रशिक्षकों के प्रदेश आने की संभावना
जानकारी के मुताबिक, अगले 15 दिनों में इन प्रशिक्षकों के प्रदेश आने की संभावना है। इनके माध्यम से मध्यप्रदेश के आठ संभागों में तैनात करीब 4 हजार होमगार्ड जवानों को ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
भारी भीड़ को सुरक्षित संभालने दी जाएगी ट्रेनिंग
ट्रेनिंग के दौरान जवानों को भीड़ नियंत्रित करने, भगदड़ की आशंका पहचानने, यातायात व्यवस्था संभालने और आपातकालीन परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के तरीके सिखाए जाएंगे।
CPR का करवाया जाएगा अभ्यास
इसके अलावा भीड़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, आपदा के समय राहत पहुंचाने और CPR के जरिए प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता देने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जाएगा।
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
सिंहस्थ-2028 में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यह प्रशिक्षण सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।