आलीराजपुर। मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में सोमवार को दोहरे हत्याकांड की घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। चांदपुर रोड पर एक पुलिया के पास दो लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों में एक युवक और करीब 55 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। शुरुआती जांच में दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं।
सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे स्थानीय लोगों ने देखें शव
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे स्थानीय लोगों ने पुलिया के नजदीक दो शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान मोरबी गांव के निवासी के रूप में की है।
मौके पर पहुंचे SP और ASP
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक समर वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ भी घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच टीम से घटना की जानकारी ली।
क्षेत्र में दहशत का माहौल
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है। इस दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया है, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।