जर्नादन तिवारी, सीधी : सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर लीला साहू की लगातार उठाई गई आवाज आखिरकार असर दिखा रही है। सीधी जिले की खड्डी पंचायत अंतर्गत बगिया गांव में अब नई काली (डामर) सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। वर्षों से बदहाल सड़क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
लाली का हुआ था वीडियो वायरल
करीब दो वर्ष पहले लीला साहू ने सेंधवा रोड निर्माण की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया था। इस वीडियो के जरिए उन्होंने सांसद, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाई थी। इसके बाद लीला साहू लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से सड़क निर्माण की मांग उठाती रहीं, जिससे यह मुद्दा जनचर्चा का विषय बन गया।
नेताओं ने लिया संज्ञान, कार्य शुरू
सड़क की जर्जर हालत को देखते हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेता लीला साहू के गांव पहुंचे। इसी क्रम में चुरहट के स्थानीय विधायक अजय सिंह राहुल द्वारा मार्ग का मुरमीकरण कराया गया था, जिसके लिए लीला साहू ने उनका आभार जताया। अब डामरीकरण की दिशा में कदम बढ़ते हुए खड़ी खुर्द बगईहा टोला से सेंधवा पहुंच मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।
लीला साहू ने जताया आभार
लीला साहू ने कहा कि जब गांव में हालात बेहद खराब थे और गर्भवती महिलाओं सहित ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, तब उन्होंने सांसद का विरोध किया था। लेकिन अब जब सड़क बन रही है, तो वह सीधी सांसद सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और मीडिया संस्थानों का धन्यवाद कर रही हैं।