बलौदा बाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के लिए एक ऐतिहासिक खुशखबरी सामने आई है। वर्षों से लंबित खरसिया–नया रायपुर–परमलकसा नई रेलवे लाइन परियोजना को आखिरकार केंद्र सरकार की हरी झंडी मिल गई है। केंद्रीय बजट 2025-26 में इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना के लिए 270 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस बजट मंजूरी के साथ ही बलौदा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग को मजबूती मिली है।
रेल कनेक्टिविटी से विकास को मिलेगी रफ्तार:
नई रेलवे लाइन के निर्माण से बलौदा बाजार का जुड़ाव राजधानी नया रायपुर, औद्योगिक क्षेत्र खरसिया और रणनीतिक रेलवे जंक्शन परमलकसा से सीधे तौर पर होगा। इससे औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। माल परिवहन सस्ता और तेज होगा, ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में जिले की आर्थिक तस्वीर बदल सकती है।
भूमि अधिग्रहण और सर्वे कार्य में आएगी तेजी:
बजट स्वीकृति के बाद अब भूमि अधिग्रहण, एलाइनमेंट सर्वे, और तकनीकी प्रक्रियाओं में तेजी आने की संभावना है। रेलवे प्रशासन और राज्य सरकार के बीच समन्वय से निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
2026-27 के बजट में और राशि की जरूरत:
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि यह परियोजना बहुवर्षीय है। ऐसे में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में अतिरिक्त राशि की आवश्यकता होगी, ताकि कार्य बिना किसी रुकावट के तय समय में पूरा किया जा सके।
बलौदा बाजार में खुशी की लहर:
रेल परियोजना को मिली मंजूरी के बाद पूरे बलौदा बाजार अंचल में उत्साह का माहौल है। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं ने इसे जिले के भविष्य के लिए “गेम-चेंजर” करार दिया है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही जमीनी स्तर पर काम शुरू होगा। खरसिया–नया रायपुर–परमलकसा रेलवे लाइन परियोजना बलौदा बाजार के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। 270 करोड़ की शुरुआती मंजूरी ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले समय में यह इलाका छत्तीसगढ़ के प्रमुख रेल और औद्योगिक मानचित्र पर उभर सकता है।