राजेश सोनी, डबरा : ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में हुई भीषण ओलावृष्टि के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की सूचना मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान स्वयं प्रभावित गांवों में पहुंचीं और किसानों से सीधे संवाद कर स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर का निरीक्षण
कलेक्टर ने सिकरौदा और बड़की सराय गांव पहुंचकर खेत-खेत जाकर नुकसान का निरीक्षण किया। सोमवार रात को भितरवार क्षेत्र के कछौआ, करहिया, भोरी, सिकरौदा, बड़की सराय समेत एक दर्जन से अधिक गांवों में भारी ओलावृष्टि हुई थी, जिससे रबी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है।
तत्काल सर्वे के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रुचिका चौहान ने एसडीएम भितरवार और राजस्व विभाग के समस्त स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि ओलावृष्टि से प्रभावित खेतों का सर्वेक्षण तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र किसान सर्वे से वंचित न रहे और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि गलत या अपात्र नाम सर्वे सूची में शामिल न हों।
पटवारी निलंबित
ओलावृष्टि की सूचना के बावजूद क्षेत्र में निरीक्षण के लिए समय पर नहीं पहुंचने पर पटवारी संजय शर्मा को कार्य के प्रति उदासीनता और लापरवाही का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए गए। कलेक्टर ने साफ कहा कि आपदा के समय किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किसानों को मुआवजे का भरोसा
कलेक्टर ने प्रभावित किसानों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया कि शासन के प्रावधानों के अनुरूप सभी पात्र किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से किसानों में राहत की उम्मीद जगी है।