
रायपुर: राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की जनता के लिए सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परंपरागत ‘छेरापहरा’ की रस्म निभाते हुए सोने की झाड़ू से रथ मार्ग को बुहारा और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं को रथ में विराजमान किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा, “जगन्नाथ रथ यात्रा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह किसानों के जीवन से जुड़ा हुआ त्योहार है। भगवान जगन्नाथ की कृपा से ही धरती पर वर्षा होती है और फसलें लहलहाती हैं। मैं छत्तीसगढ़ की जनता के लिए भरपूर अन्न और खुशहाली की कामना करता हूं।”
राज्यपाल रमेन डेका, राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी रथ यात्रा में भाग लिया और मंदिर प्रांगण में आयोजित पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया।
पुरी (ओडिशा) की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी यह रथ यात्रा पूरी विधि-विधान और भक्ति भाव से निकाली जाती है। मंदिर समिति के अनुसार, यह उत्सव उत्कल और दक्षिण कोसल की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। एक मान्यता के अनुसार, भगवान जगन्नाथ का मूल स्थान छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध शिवरीनारायण तीर्थ है।
इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक धर्मलाल कौशिक, पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।