Bhopal Drugs Scandal : राजधानी भोपाल में एक और बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई आज देखने को मिलेगी। जिला प्रशासन और नगर निगम ने मछली ड्रग्स कांड में आरोपी यासीन के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आनंद नगर के कोकता इलाके में की जाएगी। प्रशासन की टीम ने इस ऑपरेशन को कड़ी सुरक्षा के बीच अंजाम देने की योजना बनाई है, जिसमें एक दर्जन जेसीबी और 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल हैं।
यासीन पर लगे ये आरोप
आरोपी यासीन पर आरोप है कि उसने ड्रग्स कांड के दौरान अपनी अवैध संपत्ति बनाने के लिए भ्रष्टाचार और अवैध तरीके से जमीन पर कब्जा किया। यासीन का घर और अन्य निर्माण कार्य प्रशासन की नजर में हैं, क्योंकि इनमें से अधिकांश अवैध रूप से बनाए गए हैं। इन निर्माणों की कुल अनुमानित कीमत 50 करोड़ रुपये के आसपास बताई जा रही है। यासीन के खिलाफ कई अन्य गंभीर आरोप भी हैं, और उसकी संपत्ति को लेकर पहले से ही जांच की जा रही थी।
युवती से किया दुष्कर्म
आपको बता दें कि हाईप्रोफाइल ड्रग्स कांड में पुलिस ने एक बड़ा खुलासा किया था। जिसमें आरोपी शावर और यासीन मछली पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दोनों पर पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और धमकाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। महिला थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि पीड़िता ने बताया है कि उसकी 2018 में हुक्का लाउंज में शावर से मुलाकात हुई थी, जिसके बाद उसे पंजाबी फ्लैट में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि शावर ने उसे ब्लैकमेल करते हुए अश्लील वीडियो बनाए और फिर धमकाया। यासीन मछली ने भी उस पर दुष्कर्म करने की कोशिश की और उसे डराने-धमकाने के लिए हथियारों का सहारा लिया।
चैट से हुआ खुलासा
मीडिया की खबरों के अनुसार जांच में यासीन के साथियों की चैट से यह भी खुलासा हुआ कि वे पिस्टल, बंदूक और कारतूस की खरीद-फरोख्त में भी शामिल थे। शारिक मछली की गिरफ्तारी के बाद लगातार नए खुलासे हो रहे हैं, और अब यह संभावना जताई जा रही है कि इन सभी घटनाओं का कनेक्शन प्यारे मियां से भी हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।