भोपाल। राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मध्य प्रदेश के धार, विदिशा, इंदौर, छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में कांग्रेस ने गुरुवार को ‘ब्लैक डे’ मनाया और प्रदर्शन, रैली, धरना देकर विरोध जताया।
काली पट्टी बांधकर मार्च निकाला
इस दौरान धार में जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर मार्च निकाला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ज्ञानेश कुमार को संरक्षण दे रही है। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल उठाए।
ज्ञानेश कुमार का तर्पण कर जताया विरोध
विदिशा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माधवगंज चौराहे से तिलक चौक तक काले कपड़ों में रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक तर्पण कर विरोध जताया।
पुतला जलाने को लेकर हुई धक्का-मुक्की
तो वही इंदौर में टोरी कॉर्नर पर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच पुतला जलाने को लेकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने फायर फाइटर की मदद से पुतले में लगी आग बुझाई। कांग्रेस कार्यकर्ता पहले ज्ञानेश कुमार और बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाने की कोशिश की।
पुलिस कार्रवाई का विरोध किया
छिंदवाड़ा के पालाखेड़ में भी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सावरी के नेतृत्व में धरना दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी समेत अन्य सांसदों के मार्च के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और शांतिपूर्ण प्रदर्शन को लोकतांत्रिक अधिकार बताया। विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।