भोपाल। मध्यप्रदेश में 3 दिसंबर को बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है। आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के विरोध में बैंक कर्मचारियों ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इस हड़ताल में प्रदेश के करीब 8 हजार बैंककर्मियों के शामिल होने की संभावना है। इसके चलते कई बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है।
लेन-देन पर असर पड़ेगा
बैंक कर्मचारियों की इस प्रस्तावित हड़ताल का सीधा असर आम ग्राहकों पर पड़ने की आशंका है। खासतौर पर बैंक से जुड़े जरूरी कामकाज के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। लेन-देन, चेक क्लियरेंस, नकदी जमा करने और निकासी जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
कामकाज होगा ठप
हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रहने के भी आसार हैं। ऐसे में जिन ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्य पूरे करने हैं, उन्हें पहले से योजना बनाकर चलने की सलाह दी जा रही है।
आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के प्रस्ताव में विरोध
दरअसल, बैंक कर्मचारी आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के प्रस्ताव का विरोध कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर देशभर के बैंककर्मियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
करीब 11 बैंकों की सेवाएं रहेगी प्रभावित
हड़ताल में पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और पंजाब एंड सिंध बैंक के कर्मचारी शामिल होंगे। इसके अलावा एसआईबी के कर्मचारी भी हड़ताल में हिस्सा लेंगे। प्रदेश में करीब 8 हजार क्लर्क स्तर के कर्मचारियों के काम नहीं करने से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है।
जानें मांगे
बैंक कर्मचारी संगठनों ने सरकार से आईडीबीआई बैंक की बिक्री का पूरा विवरण सार्वजनिक करने और स्वतंत्र जांच व मूल्यांकन कराने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि निजीकरण की प्रक्रिया तत्काल रद्द की जाए। मांगों पर सुनवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।