धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कस्टम मिलिंग के नियमों का पालन नहीं करने वाले राइस मिलर्स पर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कार्रवाई के तहत खाद्य विभाग और मार्कफेड की संयुक्त टीम ने कुरुद स्थित शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज में जांच की। जांच के दौरान टीम ने 550 क्विंटल धान जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रशासन की यह कार्रवाई खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग के बाद निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं कराने के मामले में की गई है।
चावल जमा नहीं करने पर मिल में छापा
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज को कस्टम मिलिंग के लिए धान उपलब्ध कराया गया था। इसके बदले अनुबंध के अनुसार निर्धारित मात्रा में चावल जमा करना अनिवार्य था। लेकिन संबंधित मिल द्वारा तय मात्रा में चावल जमा नहीं कराया गया।
खाद्य विभाग और मार्कफेड की टीम ने मिल परिसर में जांच की। इस दौरान अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन और मिलिंग कार्य में लापरवाही सामने आने पर मौके से 550 क्विंटल धान जब्त कर लिया गया।
17 राइस मिलर्स को पहले ही मिल चुका है नोटिस
खाद्य विभाग के मुताबिक, कस्टम मिलिंग में अनियमितता के मामलों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज के खिलाफ की गई जब्ती की कार्रवाई कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश-2016 की कंडिका 3/7 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के तहत की गई है।
विभाग ने बताया कि जिले में निर्धारित मात्रा में कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं करने और तय प्रक्रिया का पालन नहीं करने वाले 17 राइस मिलर्स को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नोटिस के जवाब और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य मिलर्स के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
धमतरी में 5.96 लाख मीट्रिक टन धान की हुई खरीदी
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर बड़े पैमाने पर धान खरीदी की गई। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जिले के कुल 1,29,593 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया था।
इनमें से 1,24,465 किसानों से कुल 5,96,522.16 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। इसके एवज में किसानों को 1,41,432.62 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी पर प्रशासन की नजर
धान खरीदी के बाद कस्टम मिलिंग और चावल जमा करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन निगरानी कर रहा है। निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं करने वाले मिलर्स पर कार्रवाई की जा रही है।
कुरुद की शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज से 550 क्विंटल धान की जब्ती इसी अभियान का हिस्सा है। आने वाले दिनों में जांच के आधार पर अन्य राइस मिलर्स पर भी प्रशासन की कार्रवाई हो सकती है।