रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान दो जरूरतमंद परिवारों की समस्याएं सुनकर मदद का भरोसा दिलाया है। आर्थिक तंगी के कारण अपने बच्चों का इलाज नहीं करा पा रहे दो परिवार जब मुख्यमंत्री निवास पहुंचे, तो मुख्यमंत्री ने उनकी परेशानी को गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों को तीन वर्षीय पार्थ साहू की आंखों के उपचार और छह वर्षीय छयांश कोटांगले के पैरों के ऑपरेशन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की इस पहल से दोनों परिवारों को अपने बच्चों के बेहतर इलाज की उम्मीद जगी है।
मां की फरियाद पर तीन वर्षीय पार्थ के इलाज की व्यवस्था
जनदर्शन में राजनांदगांव से पहुंचीं पूर्णिमा साहू ने अपने तीन साल के बेटे पार्थ की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी मुख्यमंत्री को बताई। उन्होंने बताया कि पार्थ का जन्म समय से पहले हुआ था। जन्म के समय उसकी हालत काफी कमजोर थी, जिसके चलते उसे लगभग दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था।
वर्तमान में भी बच्चा शारीरिक रूप से कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है और डॉक्टरों ने मोतियाबिंद की समस्या बताई है। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए आंखों में लेंस प्रत्यारोपण कराने की सलाह दी है। इस इलाज पर लाखों रुपये खर्च होने की संभावना है।
परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण पूर्णिमा अपने बेटे का महंगा उपचार कराने में असमर्थ थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई। उनकी समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को पार्थ के इलाज की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
छह साल के छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए मिलेगी मदद
जनदर्शन में दूसरा मामला रायपुर के आमानाका क्षेत्र अंतर्गत कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले के परिवार से जुड़ा था। अमित अपनी बुजुर्ग मां हिरकना बाई कोटांगले के साथ अपने छह वर्षीय बेटे छयांश के इलाज की मांग लेकर मुख्यमंत्री निवास पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही पैरों में समस्या है, जिसके कारण उन्हें चलने-फिरने में परेशानी होती है। परिवार ने आर्थिक मुश्किलों के बावजूद बड़े बेटे का ऑपरेशन कराया था। इसके बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ, लेकिन पैसों की कमी के कारण छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा था।
पत्नी के निधन के बाद बच्चों की जिम्मेदारी उठा रहे पिता
अमित कोटांगले ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है। ऐसे में दोनों बच्चों की देखभाल और परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। वह अपनी बुजुर्ग मां और बहन की मदद से बच्चों का पालन-पोषण कर रहे हैं।
सीमित आमदनी के कारण छयांश के इलाज का खर्च जुटाना उनके लिए मुश्किल हो गया था। परिवार की परिस्थितियों को समझते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बच्चे के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए तत्काल जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उपचार संबंधी मदद की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जनदर्शन में जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने की पहल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों मामलों में बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को जल्द आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनकी पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी किसी भी जरूरतमंद बच्चे के इलाज में बाधा न बने।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन आम लोगों की समस्याएं सीधे सुनने और उनके समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने का माध्यम बन रहा है। दो मासूम बच्चों के उपचार के लिए दिए गए निर्देशों से जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।