नई दिल्ली : ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को देशभर में बड़े गर्व और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार शाम पूरे देश में ‘तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा’ निकाली। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर यह यात्रा राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर दिखी, जहां बड़ी संख्या में लोग सशस्त्र बलों के समर्थन में सड़कों पर उतरे।
CM रेखा गुप्ता ने किया नेतृत्व, सशस्त्र बलों को किया नमन:
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी यात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने कहा, "पूरा देश आज अपने सशस्त्र बलों को सलाम करता है। उन्होंने देश के गौरव के लिए संघर्ष किया और दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया।" उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की नीति को दोहराते हुए कहा, "आतंक और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। आज 140 करोड़ भारतीय सशस्त्र बलों और पीएम मोदी के साथ मजबूती से खड़े हैं।"
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा – पाकिस्तान हुआ बेनकाब:
कर्तव्य पथ की यात्रा में शामिल केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "आज पूरी दुनिया के सामने पाकिस्तान की असलियत उजागर हो चुकी है। वह आतंकवाद से जुड़ा हुआ है और भारत अब इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा।"
अहमदाबाद में भी यात्रा, CM भूपेंद्र पटेल हुए शामिल:
गुजरात के अहमदाबाद में भी शौर्य यात्रा निकाली गई, जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, मंत्री, विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।