मुंबई : बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ आज बाबा बागेश्वर से मिलने के लिए मुंबई स्थित सनातन मठ पहुंचे और शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान एक्टर ने समाजसेवा के विभिन्न कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही फिल्म बनाने की योजना पर अपने विचार साझा किए। टाइगर और पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की यह पहली मुलाकात है। जिसकी तस्वीर सोशल में जमकर वायरल हो रही है।
सामाजिक सेवा गतिविधियों की दी जानकारी
मुलाकात के दौरान बागेश्वर धाम द्वारा संचालित जनकल्याणकारी परियोजनाओं की जानकारी टाइगर श्रॉफ को दी गई। चर्चा में विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के लिए निर्माणाधीन कैंसर अस्पताल का उल्लेख किया गया। इसके अलावा बागेश्वर धाम में निरंतर संचालित मां अन्नपूर्णा प्रसादम रसोई, भंडारा और अन्य सामाजिक सेवा गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
टाइगर ने बागेश्वर महराज की सराहना
इधर, बाबा द्वारा संचालित समाजसेवा और जनकल्याण कार्यो के बारे में जानने के बाद टाइगर ने बागेश्वर महराज की सराहना की और कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं।
बालाजी पर फिल्म बनाने की योजना
इस मुलाकात के दौरान अभिनेता के एक साथी ने बागेश्वर बाबा को बताया कि वह बालाजी पर एक फिल्म बनाने की योजना पर विचार कर रहे हैं। हालांकि इस को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
बागेश्वर ने अंगवस्त्र किया भेंट
भेंट के समापन पर टाइगर श्रॉफ ने बागेश्वर सरकार को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों के बीच हुई यह सौहार्दपूर्ण मुलाकात समाजसेवा, मानव कल्याण और सकारात्मक सामाजिक पहल के प्रति साझा सोच को दर्शाती है।