मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया है कि धमकी भरा वॉयस नोट अमेरिका के एक नंबर से भेजा गया था। पुलिस के अनुसार, यह धमकी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी है और वॉयस नोट में 10 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। यदि रकम नहीं दी गई तो अभिनेता और उनके स्टाफ को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई थी।
हैरी बॉक्सर का नाम आया सामने:
क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि धमकी देने वाला शख्स गैंग का सक्रिय सदस्य है, जिसकी पहचान हैरी बॉक्सर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में अभिनेता के मैनेजर के व्हाट्सएप पर आए वॉयस नोट की आवाज का मिलान कर उसे हैरी बॉक्सर से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अमेरिका स्थित नंबर की लोकेशन और उसके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के तहत अमेरिकी एजेंसियों से भी संपर्क साधा गया है।
अमेरिका के नंबर से भेजा गया वॉयस नोट:
पुलिस ने पुष्टि की है कि धमकी भरा संदेश अमेरिकी नंबर से आया था। वॉयस नोट में साफ तौर पर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई और चेतावनी दी गई कि रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि नंबर वास्तविक था या इंटरनेट कॉलिंग ऐप के जरिए इस्तेमाल किया गया।
पहले भी मिल चुकी है धमकी:
इस पूरे घटनाक्रम से पहले फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना ने भी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया था। बताया जा रहा है कि 10 फरवरी को फायरिंग की घटना के बाद अभिनेता को पहली बार धमकी मिली। इसके बाद 13 फरवरी को दोबारा वॉयस नोट भेजकर धमकी दी गई। संदेश में अभिनेता और उनके स्टाफ की गतिविधियों पर नजर रखने का दावा किया गया और परिवार तक को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई।
पुलिस की कार्रवाई तेज:
मुंबई क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर तकनीकी और साइबर जांच शुरू कर दी है। अभिनेता और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग के जरिए जल्द ही धमकी देने वाले आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।