मंदसौर : मध्य प्रदेश के मंदसौर में उस वक़्त हड़कप मच गया जब आइसक्रीम खाने के बाद एक एक कर आधा दर्जन से अधिक बच्चे बीमार हो गए। सभी बच्चों ने फेरीवाले से मटका आइसक्रीम/ मटका कुल्फी खाई थी। जिसके बाद सभी को पेट में दर्द, चक्कर और मुंह से झाग निकलने की शिकायत होने लगी। जिसे देख परिजन तुरंत बच्चों को लेकर अस्पताल गए। जहां सभी का इलाज जारी है।
मंदसौर जिले के गरोठ क्षेत्र का मामला
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम को एक आदमी मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र स्थित कोटड़ाबुजुर्ग गांव में आइसक्रीम बेचने के लिए आया था। ऐसे में गर्मी के चलते बड़े बुजुर्ग और बच्चों ने आइसक्रीम का सेवन किया। जिसे खाने के बाद सभी की तबियत बिगड़ने लगी। ऐसे में परिजन बच्चों को तुरंत राजस्थान के भवानीमंडी स्थित मेट्रो अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताते हुए तुरंत बच्चों का इलाज शुरू किया। तो वही बच्चों की तबियत ख़राब होने से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
दो आईसीयू में भर्ती
इधर, मामले की जानकारी मिलते ही मंदसौर प्रशासन हरकत मे आया और BMO, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी भवानीमंडी हॉस्पिटल पहुँचे और बच्चों की स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी मरीज खतरे से बाहर है। लेकिन दो बच्चों की तबियत ज्यादा ख़राब होने के चलते उन्हें icu में भर्ती करवाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की शुरू
प्रशासन अब इस बात की जांच में जुट गया है कि आइसक्रीम कहां से लाई गई थी और उसमें किसी तरह की दूषित सामग्री या खतरनाक केमिकल तो इस्तेमाल नहीं किया गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही गांव में सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि किसी अन्य बच्चे की तबीयत न बिगड़े। बताया जा रहा है कि आइसक्रीम खाने से 7 -8 बच्चे बीमार हुए थे।