मोहन कैबिनेट की अहम बैठक आज
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मोहन कैबिनेट की बैठक आयोजित होगी। बैठक में नए शासकीय कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला आने की संभावना है। विशेष रूप से परिवीक्षा अवधि में पूर्ण वेतन दिए जाने के प्रस्ताव पर कर्मचारियों की नजर टिकी है। इस मुद्दे पर हाईकोर्ट पहले ही कर्मचारियों के पक्ष में फैसला दे चुका है और मुख्यमंत्री भी पूर्व में सहमति जता चुके हैं। ऐसे में आज नई नियुक्तियों को बड़ी सौगात मिल सकती है।
मध्यप्रदेश में मावठे के आसार
प्रदेश में ठंड का प्रकोप अभी कम होता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार संक्रांति के बाद नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) 15 जनवरी से सक्रिय होगा, जिसके 2-3 दिन बाद मावठा गिरने की संभावना है। ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभाग में कोहरा और सर्द हवाओं का असर बना रहेगा। प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। कई स्थानों पर विजिबिलिटी 1 से 2 किलोमीटर रही।
तापमान की स्थिति
ग्वालियर: 5.6°C
भोपाल: 9°C
इंदौर: 9.6°C
उज्जैन: 9.4°C
जबलपुर: 9.8°C
कल्याणपुर: 4.8°C (सबसे ठंडा)
भोपाल नगर निगम की ‘जल सुनवाई’ आज
भोपाल नगर निगम द्वारा आज शहर के सभी 85 वार्डों में ‘जल सुनवाई’ का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नागरिक पानी से जुड़ी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।
चाइनीज मांझा मामला: पहली गिरफ्तारी
भोपाल में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अयोध्या नगर थाना पुलिस ने दुकानदार अजय यादव को गिरफ्तार किया है, जो किराना दुकान की आड़ में मांझा बेच रहा था। करीब 5200 मीटर चाइनीज मांझा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
60 जवानों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन
बालाघाट रेंज में नक्सल विरोधी अभियान में साहसिक भूमिका निभाने वाले हॉक फोर्स के 60 पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिलेगा। आईजी के प्रस्ताव पर डीजीपी ने मंजूरी दे दी है। जून 2025 में हुए अभियान में हार्डकोर माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली थी।
सीएम मोहन के आज के कार्यक्रम
सुबह 11 बजे: कैबिनेट बैठक
दोपहर: विधानसभा
शाम: कृषि लोकोत्सव बैठक
शाम 6 बजे: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम बैठक
खेलो एमपी यूथ गेम्स का लोगो, मैस्कॉट, थीम सॉन्ग और टॉर्च लॉन्च
अभ्युदय एमपी क्विज पुरस्कार वितरण व नासा चयनित छात्रों को किट वितरण
राज्यसभा नहीं जाएंगे दिग्विजय सिंह!
दिग्विजय सिंह ने संकेत दिए हैं कि वे तीसरी बार राज्यसभा नहीं जाएंगे और मध्यप्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहेंगे। राज्यसभा की दौड़ में कमलनाथ, अरुण यादव और कमलेश्वर पटेल के नाम सामने आ रहे हैं। कांग्रेस में अनुसूचित जाति वर्ग के नेता को राज्यसभा भेजने की मांग भी जोर पकड़ रही है। अप्रैल में खत्म हो रहा राजसभा संसद दिग्विजय सिंह का कार्यकाल। अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने दिग्विजय सिंह से ये मांग की है। उन्होंने दिग्विजय सिंह को लिखे एक पत्र में कहा है कि वे SC नेता को राज्यसभा भेजने की पहल करें। बीते दिन दिग्विजय ने कहा था कि अगला मुख्यमंत्री SC या ST वर्ग से होगा, तो उन्हें खुशी होगी।
भोपाल में गौमांस मामले पर प्रदर्शन
गौमांस बरामदगी के विरोध में जय मां भवानी संगठन आज सीएम हाउस तक पैदल मार्च करेगा। लगातार हिंदू संगठनों के प्रदर्शन से राजधानी में तनाव का माहौल बना हुआ है।
खेलो एमपी यूथ गेम्स का आज शुभारंभ
भोपाल के बड़े तालाब स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी में शाम 6 बजे भव्य उद्घाटन होगा। लेजर शो और वॉटर प्रोजेक्शन के जरिए कार्यक्रम को खास बनाया जाएगा। सीएम गेम्स का लोगो, मैस्कॉट, एंथम और जर्सी लॉन्च करेंगे।
एमपी बोर्ड परीक्षा का बदला टाइमटेबल
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर संशोधित टाइमटेबल जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के अनुसार कुछ प्रमुख विषयों, विशेषकर हिंदी और मराठी की परीक्षा तिथियों में बदलाव किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के तहत 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं अब 10 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी। वहीं, 10वीं कक्षा का हिंदी विषय, जो पहले फरवरी में प्रस्तावित था, अब 6 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसी तरह मराठी विषय की परीक्षा भी 9 फरवरी के बजाय अब 6 मार्च 2026 को कराई जाएगी।
इसके अलावा 12वीं कक्षा का हिंदी पेपर भी बदली हुई तिथि पर होगा और यह परीक्षा अब 7 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी, जो पहले फरवरी में निर्धारित थी। MPBSE के अनुसार, 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की सभी परीक्षाएं सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की जाएंगी।
शिक्षकों के तबादले अप्रैल तक पूरे
स्कूल शिक्षा विभाग ने फैसला लिया है कि नए सत्र से पहले शिक्षकों की ट्रांसफर प्रक्रिया अप्रैल अंत तक पूरी कर ली जाएगी, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो।
आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों का आंदोलन
प्रदेश के 30 हजार आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी 9 फरवरी से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर आर-पार के मूड में हैं।
शहरी पेयजल योजना में गड़बड़ी, कार्रवाई
मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना में अनियमितता पर 3 इंजीनियर सहित 6 अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। नगर परिषद सोनकच्छ में पाइपलाइन कार्य में गड़बड़ी पाई गई थी, जिसके चलते वेतनवृद्धियां रोकी गईं।