भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने भी सैम पित्रोदा के बयान पर हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर कहा कि सैम पित्रोदा का बयान अत्यंत शर्मनाक है। इसमें जितने जूते मारे, उतने कम हैं। दरअसल, इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के पूर्व चेयरमैन सैम पित्रोदा ने एक अंग्रेजी अखबार को दिए एक इंटरव्यू में विवादित बयान देकर कांग्रेस के लिए नई मुश्किल खड़ी कर दी हैं। पित्रोदा ने देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले भारतीयों की तुलना उनके रंग के अनुरूप की थी। उनका ये बयान सुर्खियां बना तो राजनीति गरमा गई। भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी को जमकर घेरा। वहीं, अब कांग्रेस के लोग ही निंदा कर रहे हैं। इधर, विवाद बढ़ने पर सैम पित्रोदा के बयान से कांग्रेस ने किनारा झाड़ लिया। वहीं, देर शाम सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन पद से इस्तीफा भी दे दिया।
पूर्व सीएम बोले राहुल गांधी की जड़े भारत से नहीं, इटली से जुड़ी हुई
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को खंडवा लोकसभा क्षेत्र के मांधाता, पंधाना और नेपानगर में चुनावी सभाएं की। पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस के एक नेता सैम पित्रोदा हर दिन पता नहीं क्या-क्या कह रहे हैं। एक बार कहा कि विरासत टैक्स लगना चाहिए। विरासत टैक्स का मतलब है कि माता-पिता की मौत के बाद उनकी सम्पत्ति का 55 प्रतिशत हिस्सा सरकार के खाते में चला जाएगा और 45 प्रतिशत ही उनके बच्चों को मिलेगा।
हमारे भारत में तो गरीब, मजदूर भी अपना पेट काट-काटकर अपने बच्चों के लिए कुछ बचा पाते हैं, और कांग्रेस उनसे ये भी छीन लेना चाहती है। अब कांग्रेस और सैम पित्रोदा कह रहे हैं कि नॉर्थ ईस्ट के लोग चीनियों जैसे दिखते हैं। दक्षिण के लोग दक्षिण अफ्रीका जैसे लगते हैं। अलग भाषा, अलग भेष फिर भी अपना एक देश। कांग्रेस भारत का विचार, परंपरा, भारत के जीवनमूल्यों को खत्म करना चाहती है, क्योंकि राहुल गांधी की जड़े भारत से नहीं इटली से जुड़ी हुई हैं, वो भारत को जानते ही नहीं हैं।
पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्वगुरु बनेगा भारत
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अद्भुत काम किया है। मोदी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली, सम्पन्न और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है। कांग्रेस के जमाने में तो छोटे-छोटे देश हमें डराते थे, लेकिन पीएम मोदी ने कह दिया कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, और हमें किसी ने छेड़ा तो छोड़ेंगे भी नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरू बनेगा।
कांग्रेस, इंडी का प्रधानमंत्री कौन: चौहान
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का तो तय है कि जीतने के बाद नरेन्द्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे, लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले बताएं कि आखिर उनका प्रधानमंत्री कौन है। कभी कहते हैं कि, बाद में तय करेंगे, कभी कहते हैं कि, बारी-बारी से बन जाएंगे। कोई नाम तो बताओ कि धन्नू होगा या पन्ना होगा।