कुलगाम। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम में आतंकियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे बाइक पर सवार दो आतंकियों ने CRPF की नाका पार्टी पर अचानक गोलियां बरसा दीं। इस हमले में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
वाहन जांच के दौरान अचानक शुरू हुई गोलीबारी
जानकारी के मुताबिक, कुलगाम के आखरन-नौपुरा इलाके में CRPF की 46वीं वाहिनी के जवानों ने नियमित जांच के लिए नाका लगाया था। यहां से गुजरने वाले वाहनों और लोगों की तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर पहुंचे दो संदिग्धों ने जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले में तीन CRPF जवानों को गोलियां लगीं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जवाबी कार्रवाई के बीच फरार हुए हमलावर
अचानक हुई गोलीबारी से घटनास्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। CRPF के अन्य जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। हालांकि, मौके पर आम नागरिकों की मौजूदगी को देखते हुए जवानों ने सावधानी बरती। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दोनों हमलावर मोटरसाइकिल से फरार होने में कामयाब रहे।
TRF के लतीफ बट मॉड्यूल पर शक, तलाशी अभियान तेज
हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के आतंकी लतीफ बट के मॉड्यूल का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
घटना के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। फरार आतंकियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी हैं।