भोपाल : : बॉलीवुड की चुलबुली और बोल्ड एक्ट्रेस करीना कपूर खान आज अपना 45वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। करीना ने वैसे तो बॉलीवुड की कई शानदार फिल्मों में काम किया है। लेकिन कई ऐसी ब्लॉकबस्टर फिल्मे है जिन्हे करीना ने करने से इंकार कर दिया। हालांकि इन फिल्मों को नहीं करने से करीना के करियर में कुछ ज्यादा फर्क नहीं पड़ा। करीना ने अपनी खूबसूरती और एक्टिंग से खुद को एक वर्सेटाइल एक्ट्रेस बनाया। यही वजह है कि इंडस्ट्री में 25 साल बिताने के बाद भी करीना को किसी भी चीज़ में टक्कर देना आसान नहीं है।
फिल्म रिफ्यूजी से बॉलीवुड में किया डेब्यू
करीना ने साल 2000 में फिल्म रिफ्यूजी से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ अभिषेक बच्चन नजर आए थे। हालांकि फिल्म फ्लॉप रही, लेकिन करीना की खूबसूरती और एक्टिंग ने दर्शकों का ध्यान जरूर खींचा। इसके बाद करीना ने कई शानदार फिल्मों में काम किया और इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई।
करीना और सैफ ने की 16 अक्टूबर 2012 में शादी
करीना ने अपने करियर में वैसे तो कई एक्टर के साथ काम किया है। लेकिन करीना और शाहिद की जोड़ी को दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया गया। हालांकि कुछ समय के बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया। इसके बाद करीना ने एक्टर सैफ अली खान को डेट किया और साल 2012 में दोनों ने शादी कर ली। आज कपल के दो बेटे तैमूर अली खान और जेह अली खान हैं।
करीना ने इन ब्लॉकबस्टर फिल्मों को ठुकराया
करीना ने अपने करियर में सिर्फ 'कहो ना प्यार है' ही नहीं, बल्कि कई बड़ी और ब्लॉकबस्टर फिल्मों को ठुकराया है, जिनमें शाहरुख खान की फिल्म कल हो ना हो, संजय लीला भंसाली की सुपरहिट फिल्म राम-लीला, रोहित शेट्टी की फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस, जोया अख्तर की मल्टीस्टारर फिल्म दिल धड़कने दो, कंगना रनोट की क्वीन और सलमान खान की फिल्म हम दिल दे चुके सनम शामिल हैं।
इस मूवी में दिखेंगी करीना
करीना कपूर के वर्कफ्रंट की तरफ गौर किया जाए तो उनकी अपकमिंग मूवी का नाम दायरा है। जिसका निर्देशन मेघना गुलजार कर रही हैं, जो इससे पहले राजी, छपाक और सैम बहादुर जैसी कई शानदार मूवीज बना चुकी हैं। हालांकि, अभी फिल्म की रिलीज डेट के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी मौजूद नहीं है।