भोपाल। मध्यप्रदेश में पड़ रही प्रचड़ गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी और सूरज की तपिश के चलते दिन के साथ साथ रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। प्रदेश में जहां गर्मी खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। तो वही दूसरी तरफ मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
2 से 3 डिग्री तापमान में होगी बढ़ोतरी
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। वर्तमान में सबसे ज्यादा तापमान 46.8 डिग्री खजुराहो में दर्ज किया गया है. जबकि पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री हैं. इसके साथ ही ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्मी और लू की चपेट में हैं.
विंध्य क्षेत्रों में हीटवेव का सबसे असर ज्यादा
मौसम विभाग के अनुसार, हीटवेव का सबसे ज्यादा असर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, धार, खरगोन, देवास, विदिशा, नर्मदापुरम और शहडोल समेत कई जिलों में देखने को मिलेगा. साथ ही प्रदेश के कुछ जिलों में शाम के समय धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है.
इन जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी
जबकि भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, सागर, दमोह, रायसेन और रतलाम समेत कई जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही राजगढ़, रायसेन, कटनी, उमरिया, डिंडौरी, बालाघाट और छिंदवाड़ा में वॉर्म नाइट यानी रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। इससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
मौसम विभाग की खास अपील
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। लगातार बढ़ती गर्मी से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस दौरान बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा सावधानी बरतने की आवश्यकता है.