उज्जैन ; बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में आए दिन दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहता है। देश विदेश से लोग अपनी मनोकामना लेकर बाबा के दर पर पहुंचते है। इसी कड़ी में आज मशहूर क्रिकेटर युजवेंद्र चहल भी उज्जैन पहुंचे और विधि विधान से पूजा अर्चना कर महाकाल का आशीर्वाद लिया। इतना ही नहीं चहल ने प्रातकालीन होने वाली भस्म आरती में भी भाग लिया।
चहल 2 घंटे तक नंदी हॉल में बैठे रहे
चहल ने करीब 2 घंटे तक नंदी हॉल में बैठे कर बाबा की आरती अटेंड की। इस दौरान क्रिकटर पूरी तरह से भक्तिभाव में डूबे हुए नजर आए। दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए क्रिकेटर ने कहा कि "महाकाल के दर्शन के बाद जो अनुभव मिला है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। जब भी बाबा महाकाल का बुलावा आएगा, मैं यहां दर्शन के लिए अवश्य आऊंगा।"
मनमोहक श्रृंगार देखकर मन प्रसन्न हो गया
युजवेंद्र चहल ने आगे कहा कि "बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि वह अपने दरबार में मुझे बुलाते रहें. क्योंकि बाबा महाकाल का इतना मनमोहक श्रृंगार देखकर मन प्रसन्न हो गया. बाबा महाकाल को बार-बार निहारने के बाद भी मन नहीं भरता. आंखें तृप्त नहीं होती. ऐसा पता होता तो वह बहुत पहले बाबा के दरबार में हाजिरी लगाते. अब मैं अपने पहचान वालों को यहां की महिमा बताऊंगा."बताया जा रहा है कि चहल को पहली बार बाबा महाकाल के दर्शन का अवसर मिला।